T20 एशिया कप 2025: भारत का तूफानी आगाज़, UAE को 9 विकेट से रौंदा

दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में भारतीय टीम ने T20 एशिया कप 2025 में अपने अभियान की शुरुआत धमाकेदार अंदाज़ में की है। यूएई के खिलाफ खेले गए मुकाबले में भारत ने न सिर्फ एकतरफा जीत हासिल की, बल्कि अपने दबदबे को भी पूरी तरह से साबित किया। भारत ने 93 गेंदें शेष रहते 58 रनों के छोटे लक्ष्य को हासिल कर लिया, जो एक फुल मेंबर टीम द्वारा सबसे ज़्यादा गेंदें बाकी रहते हुए दूसरी सबसे बड़ी जीत है।

गेंदबाज़ों का कहर: UAE 57 रनों पर ढेर

टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव का फैसला बिल्कुल सही साबित हुआ। भारतीय गेंदबाजों ने UAE के बल्लेबाजों को क्रीज़ पर टिकने का मौका ही नहीं दिया। एक समय 26 रन पर बिना किसी विकेट के खेल रही UAE की टीम ने सिर्फ 31 रन और जोड़कर अपने सभी 10 विकेट गंवा दिए

इस धमाकेदार गेंदबाजी अटैक का नेतृत्व कुलदीप यादव और शिवम दुबे ने किया। कुलदीप ने अपनी जादुई स्पिन से 2.1 ओवर में सिर्फ 7 रन देकर 4 विकेट झटके, जबकि शिवम दुबे ने 2 ओवर में 4 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। इन दोनों के अलावा, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती ने भी एक-एक विकेट लेकर UAE की पारी को महज 57 रनों पर समेट दिया, जो T20I में उनका सबसे छोटा स्कोर है।

बल्लेबाज़ों की आतिशी पारी: लक्ष्य 4.3 ओवर में हासिल

छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम के बल्लेबाजों ने कोई भी कसर नहीं छोड़ी। युवा ओपनर अभिषेक शर्मा ने 16 गेंदों में 2 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 30 रन बनाकर मैच को लगभग खत्म कर दिया। उनके साथी शुभमन गिल भी पीछे नहीं रहे और 9 गेंदों में नाबाद 20 रन बनाए, जिसमें 2 चौके और एक छक्का शामिल था। भारत ने यह लक्ष्य महज 4.3 ओवर में ही हासिल कर लिया, जिससे यह साबित हो गया कि वे इस टूर्नामेंट में अपनी लय में हैं।

भारत, जो कि एशिया कप का मौजूदा चैंपियन है और सबसे ज़्यादा 8 बार यह ख़िताब जीत चुका है, भारत ने इस जीत के साथ अपने इरादे स्पष्ट कर दिए हैं। यह जीत टीम के लिए एक बड़ा आत्मविश्वास बूस्टर होगी, और उनके फैन्स को भी आगे और भी रोमांचक मैचों की उम्मीद है।

भारत की प्लेइंग इलेवन

अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती

यूएई की प्लेइंग इलेवन

मुहम्मद वसीम (कप्तान), अलीशान शराफू, मुहम्मद जोहैब, राहुल चोपड़ा (विकेटकीपर), आसिफ खान, हर्षित कौशिक, हैदर अली, ध्रुव पाराशर, मुहम्मद रोहिद खान, जुनैद सिद्दीकी, सिमरनजीत सिंह।

(IND vs UAE)

Leave a Comment